दिनहाटा हादसा : करंट लगने से पांच मजदूरों की मौत, राज्य सरकार ने दो-दो लाख मुआवजा और नौकरी का किया ऐलान
कूचबिहार, 2 मार्च (हि.स)। जिले के दिनहाटा में पत्थर तोड़ने वाली फैक्ट्री में करंट लगने से पांच मजदूरों की दर्दनाक मौत के बाद राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक मुआवजे और नौकरी की घोषणा की गई।
रविवार रात दिनहाटा महकमा अस्पताल पहुंचकर उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा और जिलाधिकारी राजू मिश्रा ने शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया था।
मंत्री उदयन गुहा ने बताया कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दे दी गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृत प्रत्येक मजदूर के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है।
मंत्री ने कहा, यह क्षति अपूरणीय है, लेकिन सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि रविवार शाम दिनहाटा के विलेज-2 ग्राम पंचायत अंतर्गत गड़गुड़ा इलाके में पत्थर तोड़ने के काम के दौरान ढलाई मशीन 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। जबकि तीन मजदूर घायल हो गया थे जो अस्पताल में भर्ती है। प्रशासन ने उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की बात कही है।फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

