बरामद किए गए 30 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन वास्तविक मालिकों को सौंपे गए
सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (हि. स.)। बागडोगरा थाना पुलिस ने अलग-अलग समय पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। पुलिस ने कुल 30 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ मोबाइल करीब छह महीने पहले, जबकि कुछ लगभग एक वर्ष पहले बागडोगरा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से गुम या चोरी हुए थे। मोबाइल फोन खोने या चोरी होने के बाद संबंधित लोगों ने बागडोगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी जांच की मदद से अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए।
शुक्रवार को बागडोगरा थाने में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए 30 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। कार्यक्रम में एसीपी अनिर्बाण मजूमदार भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि 30 मोबाइल फोन के मालिकों में से शुक्रवार को 19 लोग उपस्थित हुए, जिन्हें उनके मोबाइल फोन वापस कर दिए गए।
एसीपी ने लोगों से मोबाइल फोन और व्यक्तिगत सामान को लेकर अधिक सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सामान के गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

