home page

विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता में वाहन से 25 लाख रुपये नकद बरामद, चालक गिरफ्तार

 | 
विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता में वाहन से 25 लाख रुपये नकद बरामद, चालक गिरफ्तार


कोलकाता, 20 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार को न्यू टाउन क्षेत्र में एक वाहन की डिक्की से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शहर के नए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत शहर और आसपास के महत्वपूर्ण चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार सुबह न्यू टाउन के सिटी सेंटर-दो के पास लगाए गए जांच नाके पर पुलिस ने एक वाहन को रोका। वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। चालक की पहचान सुरेश ठाकुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब चालक से डिक्की खोलने को कहा गया तो वह हिचकिचाने लगा। सख्ती करने पर उसने डिक्की खोली, जिसमें एक बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी मिलीं।

नकदी के स्रोत के बारे में पूछे जाने पर चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने 25 लाख रुपये जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकदी का असली मालिक कौन है, यह पैसा कहां से आया और किसे दिया जाना था।

बताया गया है कि इस सप्ताह राज्य में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 19 मार्च को दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर और अलीपुरद्वार जिले के एक चौराहे से जांच अभियान के दौरान कुल 11.75 लाख रुपये बरामद किए गए थे।

चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अवैध धन के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए भारत के चुनाव आयोग ने राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए 294 सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। इसके अलावा 188 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।

चुनाव आयोग की इस व्यापक निगरानी व्यवस्था को देखते हुए राज्य में चुनाव प्रक्रिया के दौरान अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर