home page

सिग्नल पर खड़े पिकअप वाहन से टकराया डंपर, 24 श्रमिक घायल

 | 
सिग्नल पर खड़े पिकअप वाहन से टकराया डंपर, 24 श्रमिक घायल


खड़गपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के चौरंगी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 24 श्रमिक घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर अतिगंभीर है। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया।

दुर्घटना बुधवार रात लगभग आठ बजे उस समय हुई, जब श्रमिकों से भरा एक पिकअप वैन यातायात संकेत पर लाल बत्ती होने के कारण रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक डंपर ने पिकअप वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पलट गया और उसमें सवार सभी श्रमिक घायल हो गए।

पिकअप वैन में पुरुष एवं महिला सहित 24 श्रमिक सवार थे। वे झाड़ग्राम जिले के खालशिउली क्षेत्र से कार्य समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। सभी श्रमिक पिंगला थाना क्षेत्र के जामना गांव के निवासी बताए गए हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को बाहर निकालकर मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। देर रात चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन और डंपर को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वर्षा के कारण सड़क फिसलन भरी होने से डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

अस्पताल में उपचाराधीन एक घायल श्रमिक ने बताया कि वे सभी काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। चौरंगी चौराहे पर लाल बत्ती होने के कारण उनका वाहन रुका हुआ था। तभी पीछे से तेज गति से आए डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिकअप वाहन पलट गया और सभी यात्री घायल हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता