न्यूटाउन के गेस्ट हाउस से 2.20 करोड़ रुपये नकद बरामद, सात लोग हिरासत में
कोलकाता, 14 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन स्थित एक गेस्ट हाउस में बिधाननगर पुलिस ने सोमवार देर रात छापेमारी कर दो करोड़ 20 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और बरामद धन के स्रोत तथा उसके इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बिधाननगर पुलिस की साइबर अपराध शाखा और खुफिया शाखा की संयुक्त टीम ने सोमवार रात गेस्ट हाउस पर अचानक छापा मारा। इसके बाद पूरी रात तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह रकम साइबर ठगी से जुड़ी हो सकती है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस धन को हवाला के माध्यम से दूसरे स्थान पर भेजने की तैयारी तो नहीं थी।
फिलहाल बरामद नकदी के वास्तविक स्रोत, उसके मालिक और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए हिरासत में लिए गए सात लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

