home page

'21 जुलाई की सभा रियलिटी शो नहीं', ममता बनर्जी पर बरसे ऋतब्रत बनर्जी

 | 
'21 जुलाई की सभा रियलिटी शो नहीं', ममता बनर्जी पर बरसे ऋतब्रत बनर्जी


कोलकाता, 21 जुलाई (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी ने मंगलवार को 21 जुलाई शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित समानांतर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके नेतृत्व वाले तृणमूल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई की सभा कोई रियलिटी शो या कैटवॉक का मंच नहीं है।

मेयो रोड स्थित गांधी प्रतिमा के निकट आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋतब्रत ने आरोप लगाया कि वर्षों से शहीद दिवस के मंच पर वास्तविक पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर टीवी और फिल्मी हस्तियों को प्रमुखता दी जाती रही है।

बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कालीघाट तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा कि बसों से लाकर मंच को सेलिब्रिटियों से सजाने की कोशिश की गई, जबकि संगठन के लिए संघर्ष करने वाले नेता और कार्यकर्ताओं को पीछे की कतारों में धकेल दिया गया। उन्होंने कहा कि धारावाहिकों के सहायक कलाकारों और फिल्मी हस्तियों को मंच पर स्थान मिला, लेकिन जमीनी स्तर पर संगठन को संभालने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं दिया गया।

ऋतब्रत ने यह भी आरोप लगाया कि जिन कार्यकर्ताओं ने झूठे मुकदमों में फंसे साथियों को छुड़ाने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी, उन्हें भी उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि शहीद दिवस का मंच संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं का होना चाहिए, न कि दिखावे का।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय