चाय मजदूरों का 200 परिवार तृणमूल में शामिल
सिलीगुड़ी, 12 अप्रैल (हि. स.)। माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी क्षेत्र में चाय बागानों के मजदूरों का रुझान अब तृणमूल कांग्रेस की ओर बढ़ता दिख रहा है। नक्सलबाड़ी के ऑर्ड और त्रिहाना चाय बागान में करीब 200 परिवारों ने विभिन्न दलों को छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया।
इस कार्यक्रम में तृणमूल उम्मीदवार शंकर मालाकार की मौजूदगी रही। साथ ही इंडियन नेशनल तृणमूल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (आईएनटीटीयूसी) के जिलाध्यक्ष निर्जल दे और अन्य श्रमिक संगठन के नेता भी उपस्थित थे।
इस मौके पर शंकर मालाकार ने कहा कि चाय मजदूरों का उत्साह यह साबित करता है कि भाजपा के पास अब जनसमर्थन नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि चाय बागानों सहित कई इलाकों में लगातार लोग तृणमूल में शामिल हो रहे हैं और उनकी पार्टी ही सरकार बनाएगी।
वहीं, आईएनटीटीयूसी के जिलाध्यक्ष निर्जल दे ने कहा कि स्थानीय भाजपा विधायक ने कोई काम नहीं किया, इसलिए लोग बदलाव चाहते है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार तृणमूल के पक्ष में वोट देकर भारी बहुमत से जीत दिलाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

