home page

तृणमूल के पूर्व विधायक की कार की टक्कर में दो की मौत

 | 

संदेशखाली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। संदेशखली विधानसभा के पूर्व तृणमूल विधायक सुकुमार महतो की कार की टक्कर में दो टोटो सवारों की जान चली गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार को उत्तर 24 परगना जिलान्तर्गत संदेशखली से सटे ब्यारमारी इलाके में हुई। इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश और तनाव का माहौल है। हालांकि हादसे के समय पूर्व विधायक कार में मौजूद नहीं थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दो टोटो एक दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। पूर्व विधायक की कार दूसरी दिशा से आ रही थी। ब्यारमारी चौराहे के पास उनकी कार ने दूसरी दिशा से आ रहे एक टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और टोटो दोनों सड़क किनारे एक तालाब में गिर गए। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग बचाव के लिए आए और तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया। जबकि टोटो में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मरने वाले और घायल चारों लोग दक्षिण 24 परगना के भांगड़ इलाके के निवासी हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त गाड़ी को कब्जे में लिया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की जानकारी देते हुए चश्मदीद मेजानुर मोल्लाह ने बताया कि टोटो सड़क के बाईं ओर से आ रही थी। उसी समय, दूसरी तरफ से तेज गति से आ रही एक कार ने पहले टोटो को टक्कर मारी और नियंत्रण खोकर सीधे टोटो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें सड़क के किनारे तालाब में गिर गईं। टोटो में कुल पांच लोग सवार थे। घटना के दौरान दो लोग बाहर गिर गए।

पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा