चुनाव 26 : पहले चरण के लिए 152 सीटों पर एक हजार 586 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
कोलकाता, 07 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए 152 विधानसभा क्षेत्रों से कुल एक हजार 586 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सोमवार थी। अब नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया जारी है, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अप्रैल निर्धारित की गई है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, कुल उम्मीदवारों की संख्या एक हजार 586 है, लेकिन कई उम्मीदवारों ने एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इस कारण आयोग को कुल दो हजार 304 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
निर्वाचन नियमों के अनुसार, कोई भी उम्मीदवार एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है और एक से अधिक सीटों से भी चुनाव लड़ सकता है। हालांकि नौ अप्रैल तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की अंतिम संख्या कम हो सकती है।
अगर 2021 के विधानसभा चुनाव की तुलना की जाए तो उस समय पहले चरण की इन्हीं 152 सीटों पर कुल एक हजार 62 उम्मीदवार मैदान में थे। इस बार उम्मीदवारों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है।
इस बार सबसे अधिक 23 उम्मीदवारों ने उत्तर दिनाजपुर जिले की करनदीघी सीट से नामांकन किया है। इसके बाद कूचबिहार जिले की मेखलीगंज सीट से 18 और कूचबिहार दक्षिण सीट से 16 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
वहीं, सबसे कम उम्मीदवार बांंकुड़ा जिले की सालतोड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर की चंद्रकोणा और पूर्व मेदिनीपुर की एगरा सीट से हैं, जहां केवल छह–छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा। इसके बाद दूसरे चरण में शेष 132 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

