home page

15 से 17 जून तक हर ब्लॉक में लगेगा जनकल्याण शिविर

 | 

कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। आम लोगों तक सरकारी सेवाएं आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार एक नई पहल शुरू करने जा रही है। पहले की ‘दुआरे सरकार’ योजना की तर्ज पर अब जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। आगामी 15, 16 और 17 जून को राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में इस विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।

नवान्न सूत्रों के अनुसार, नई सरकार का यह पहला बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम माना जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस शिविर में आम नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकार की 55 प्रकार की सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बताया जा रहा है कि अन्नपूर्णा योजना को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कई आवेदकों को आवेदन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज जमा करने और योजना के नियम समझने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

सरकारी सूत्रों का दावा है कि इस शिविर में राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और सहायता प्रदान की जाएगी।

अन्नपूर्णा योजना, युवा शक्ति परियोजना, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और पीएम किसान योजना जैसी योजनाओं में नए आवेदन और नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

इसके अलावा आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों में त्रुटि सुधार से जुड़ी प्रक्रिया में भी लोगों की मदद की जाएगी। यदि किसी सरकारी सेवा से जुड़ी कोई समस्या है या आवेदन लंबे समय से लंबित है, तो नागरिक शिविर में सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

प्रशासन का कहना है कि जानकारी की कमी या जटिल प्रक्रियाओं के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। जिलों को इसकी सफलता के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार अपने चुनावी वादों को अमल में लाने और सरकार की योजनाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस तीन दिवसीय मेगा आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा