जलपाईगुड़ी में ग्रामीण रोजगार योजना का काम शुरू होने से लोगों में खुशी
जलपाईगुड़ी, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के फूलबाड़ी में लंबे चार वर्षों के बाद केंद्र सरकार की ग्रामीण रोजगार योजना “विकसित भारत - गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” के तहत 125 दिनों के कार्य की शुरुआत हुई है। इस योजना को पहले 100 दिन के काम या मनरेगा के नाम से जाना जाता था, जिसे हाल ही में बदलकर नया नाम दिया गया है। मंगलवार को इस परियोजना का शुभारंभ 26 ग्रामीण श्रमिकों की उपस्थिति में फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया गया। उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत सदस्य उत्तम सरकार, समाजसेवी राहुल बर्मन, ग्राम पंचायत प्रधान रफीकुल इस्लाम सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
नई सरकार के गठन के समय 125 दिनों का रोजगार जल्द शुरू करने का वादा किया गया था, जिसे करीब दो महीने के भीतर ही पूरा कर लिया गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीण मजदूरों में उम्मीद की नई किरण जगी है और काम शुरू होते ही पूरे इलाके में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
मंगलवार को फूलबाड़ी दो नंबर ग्राम पंचायत क्षेत्र में इस योजना के तहत पूर्व धनतला हाई स्कूल से जोड़ापानी नदी तक एक कम्युनिटी स्टॉर्म वाटर ड्रेन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग डेढ़ लाख रुपये रखी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

