home page

आधे घंटे के तूफान में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त

 | 
आधे घंटे के तूफान में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त


सिलीगुड़ी, 28 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा ब्लॉक में शुक्रवार देर रात आए तेज तूफान ने भारी तबाही मचा दी है। महज आधे घंटे के आंधी-तूफान में बिधाननगर क्षेत्र के बादलाकाटा, भरियाखाली, मधुपुर और मिनी ढाकपाड़ा गांव बुरी तरह प्रभावित हुए।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में 100 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा असर मिनी ढाकपाड़ा गांव में देखा गया, जहां करीब 40 घरों की टिन की छतें उड़ गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

तूफान के साथ हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने घरों के अंदर रखे सामान, खाद्य सामग्री और जरूरी वस्तुओं को भी नुकसान पहुंचाया। वहीं किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अनानास और मक्का की फसल बुरी तरह बर्बाद हो गई, जिससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

तूफान के दौरान कई बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे बिजली के खंभे और तार टूट गए। इसके कारण कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।

फिलहाल, प्रभावित परिवार सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है और राहत कार्यों को जल्द तेज करने की बात कही जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार