(चुनाव 26) उत्तरपाड़ा : वकालत से राजनीति में आए तृणमूल उम्मीदवार शीर्षण्य बंद्योपाध्याय के पास आठ करोड़ की संपत्ति
हुगली, 11 अप्रैल (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी शीर्षण्य बंद्योपाध्याय ने उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते हुए अपने चुनावी हलफनामे में आय, संपत्ति और निवेश का विस्तृत ब्यौरा दिया है। हलफनामे के अनुसार, बंद्योपाध्याय और उनके परिवार की कुल संपत्ति लगभग 7.9 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि किसी भी प्रकार की देनदारी नहीं है।
38 वर्षीय बंद्योपाध्याय पेशे से अधिवक्ता हैं और कॉर्पोरेट व वित्तीय कानून में स्नातकोत्तर डिग्रीधारक हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से संबद्ध जोगेश चंद्र चौधुरी लॉ कॉलेज से एलएलबी और ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई की है। हलफनामे में उन्होंने अपने खिलाफ किसी भी आपराधिक मामले से इनकार किया है।
हलफनामे के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी आय 97.37 लाख रुपये रही, जबकि 2023-24 में यह 1.09 करोड़ रुपये थी। पिछले पांच वर्षों में उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उनकी पत्नी सोमसुक्ला भदुरी, जो वेतनभोगी हैं, की आय 2024-25 में 11.69 लाख रुपये रही।
बंद्योपाध्याय ने अपने नाम पर करीब 5.03 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है, जिसमें बैंक जमा, फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर, म्यूचुअल फंड, बीमा और अन्य निवेश शामिल हैं। उनकी पत्नी के नाम पर 1.22 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति दर्ज है।
अचल संपत्ति के रूप में बंद्योपाध्याय के पास कोलकाता में एक फ्लैट है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर बोलपुर में करीब 16 लाख रुपये मूल्य का फ्लैट है।
हलफनामे के अनुसार, बंदोपाध्याय का निवेश पोर्टफोलियो काफी विविध है, जिसमें शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, ईटीएफ और डिबेंचर शामिल हैं। खास बात यह है कि उनके पिता द्वारा उनके नाम पर बीमा पॉलिसियों में 2.64 करोड़ रुपये से अधिक का प्रीमियम जमा किया गया है।
हलफनामे में यह भी उल्लेख है कि बंद्योपाध्याय या उनके परिवार पर किसी प्रकार का कर्ज या सरकारी देनदारी नहीं है। आयकर और अन्य कर भी नियमित रूप से चुकाए गए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि साफ छवि, मजबूत आर्थिक स्थिति और पेशेवर पृष्ठभूमि के साथ मैदान में उतरे शीर्षण्य बंद्योपाध्याय उत्तरपाड़ा सीट पर मुकाबले को दिलचस्प बना सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

