home page

(विस चुनाव 2026) मेरा मुकाबला खुद से है : तृणमूल उम्मीदवार इंद्रनील सेन

 | 
(विस चुनाव 2026) मेरा मुकाबला खुद से है : तृणमूल उम्मीदवार इंद्रनील सेन


हुगली, 18 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस ने चंदननगर विधानसभा सीट से एक बार फिर इंद्रनील सेन पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने बुधवार को कहा कि उनका मुकाबला किसी विरोधी से नहीं, बल्कि खुद से है।

2016 में पहली बार चंदननगर से चुनाव लड़कर विधायक बने इंद्रनील सेन 2021 में भी इस सीट से जीत हासिल कर चुके हैं और राज्य सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं।

उम्मीदवारी घोषित होने के बाद बुधवार को उन्होंने चंदननगर के कलुपुखुरधार इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

इंद्रनील सेन ने कहा कि चंदननगर में व्यापक विकास कार्य हुए हैं, लेकिन यदि किसी को लगता है कि कुछ काम बाकी है तो वह सूची भेजे, उन कार्यों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से दी जाएगी।

माकपा उम्मीदवार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी अस्पताल, स्वास्थ्य साथी योजना और बीमा सुविधाएं उपलब्ध हैं, और जरूरत पड़ने पर वह व्यक्तिगत रूप से भी मदद करेंगे।

उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्य का बकाया धन रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि वह राशि जारी की जाए तो क्षेत्र में और विकास कार्य संभव होंगे।

इंद्रनील सेन ने दावा किया कि आगामी चुनाव के बाद ममता बनर्जी चौथी बार राज्य की मुख्यमंत्री बनेंगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे लोगों के घर-घर जाएं, सभी के साथ अच्छे संबंध बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय