home page

हुगली के डनलप मैदान में अभिषेक बनर्जी की जनसभा को लेकर तैयारियां तेज

 | 
हुगली के डनलप मैदान में अभिषेक बनर्जी की जनसभा को लेकर तैयारियां तेज


हुगली, 11 अप्रैल (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की रविवार को हुगली के डनलप कारखाना मैदान में होने वाली जनसभा को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। यह सभा चुचुड़ा और सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित की जा रही है।

सभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को तृणमूल नेतृत्व ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान चूंचूड़ा के निवर्तमान विधायक असित मजूमदार, हुगली-श्रीरामपुर संगठनिक जिले की युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका अधिकारी समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

असित मजूमदार ने कहा कि रविवार को डनलप मैदान में जनसैलाब उमड़ने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, इस सभा के दौरान चुचुड़ा और सप्तग्राम क्षेत्र के कुछ भाजपा कार्यकर्ता और नेता तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए असित मजूमदार ने कहा कि यह पूरी तरह पार्टी का आंतरिक मामला है और अंतिम निर्णय नेतृत्व पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी में शामिल होंगे, उनका स्वागत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय