home page

हावड़ा मंडल ने वंदे भारत यात्रियों के लिए ‘वंदे एक्सप्रेस’ फैमिली फिजिटल मैगजीन शुरू की

 | 
हावड़ा मंडल ने वंदे भारत यात्रियों के लिए ‘वंदे एक्सप्रेस’ फैमिली फिजिटल मैगजीन शुरू की


हावड़ा, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेलवे की यात्री सुविधाओं को नवाचार और सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से बेहतर बनाने की पहल के तहत पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल ने हावड़ा–न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए ‘वंदे एक्सप्रेस’ नामक फैमिली फिजिटल (प्रिंट एवं डिजिटल) मैगजीन की शुरुआत की है। इस पत्रिका का विकास 'अनदर इंडिया' ने किया है और इसे यात्रियों को रेलवे पर किसी भी वित्तीय बोझ के बिना निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

पत्रिका का औपचारिक लोकार्पण सोमवार को पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा, हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विशाल कपूर तथा अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने किया।

यात्रा अनुभव को अधिक रोचक और उपयोगी बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई ‘वंदे एक्सप्रेस’ मैगजीन में पारंपरिक मुद्रित सामग्री के साथ क्यूआर कोड आधारित डिजिटल कंटेंट भी शामिल है। इसके माध्यम से यात्रियों को यात्रा, पर्यटन, विरासत, जीवनशैली, बच्चों की गतिविधियों तथा रेलवे सेवाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी।

मैगजीन में भारतीय रेलवे की प्रमुख यात्री-केंद्रित पहलों, जैसे रेलवन ऐप, रेल मदद, अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत स्लीपर परियोजना तथा पूर्वी भारत की सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से संबंधित जानकारी भी दी गई है।

यह पहल नॉन-फेयर रेवेन्यू मॉडल के तहत लागू की गई है, जिससे निजी भागीदारी के माध्यम से यात्रियों को एक नई मूल्यवर्धित सेवा उपलब्ध कराई जा रही है और इसके लिए रेलवे प्रशासन को कोई अतिरिक्त व्यय नहीं करना पड़ रहा है।

रेलवे के अनुसार, यह परियोजना यात्रियों को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बनेगी।

रेलवे ने कहा कि ‘वंदे एक्सप्रेस’ की शुरुआत यात्रियों को अधिक जानकारीपूर्ण, आकर्षक और डिजिटल रूप से जुड़ा यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा यह भारतीय रेलवे की नवाचार, तकनीक और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय