हाथियों का तांडव, किसानों की फसल बर्बाद
अलीपुरद्वार, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के फालाकाटा के बंशीधरपुर गांव में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जलदापाड़ा नेशनल पार्क के जंगल से निकलकर 14 हाथियों का झुंड गांव में घुस आया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने गांव में घुसते ही जमकर तांडव मचाया और बीघों में फैली मक्का और धान की फसलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। जयंत अधिकारी और ईश्वर बर्मन सहित कई किसानों की करीब 15 बीघा मक्के की फसल बर्बाद हो गई। वहीं प्रदीप अधिकारी और प्राणेश्वर बर्मन के धान के खेत भी हाथियों के हमले से नहीं बच सके।
मक्का इस समय किसानों के लिए एक प्रमुख नकदी फसल है। पहले से ही आलू की फसल में नुकसान झेल रहे किसानों के लिए यह नई मार बेहद भारी साबित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगभग हर रात हाथियों का उत्पात जारी है, जिससे ग्रामीणों में भारी डर और नाराजगी का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि सरकारी नियमों के अनुसार प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाएगा। इस घटना के बाद एक बार फिर जंगल से सटे इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा गहराता नजर आ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

