स्थायीकरण और वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सफाईकर्मियों की हड़ताल
सिलीगुड़ी, 29 सितंबर (हि. स.)। स्थायीकरण और वेतन बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर बंगाल सफाई कर्मचारी कल्याण संगठन के सैकड़ों कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया है। मंगलवार को सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में सिलीगुड़ी में विरोध मार्च भी निकाला। मार्च बाघाजतिन पार्क से शुरू होकर हिलकार्ट रोड की परिक्रमा करते हुए वापस बाघाजतिन पार्क पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सफाईकर्मियों को तत्काल स्थायी करने, वेतन बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
संगठन की ओर से बताया गया कि लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई जा रही है, लेकिन अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इसके चलते मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन काम बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

