home page

सिलीगुड़ी में रामनवमी जुलूस में साथ दिखे सियासी प्रतिद्वंदी

 | 
सिलीगुड़ी में रामनवमी जुलूस में साथ दिखे सियासी प्रतिद्वंदी


सिलीगुड़ी, 27 मार्च (हि. स.)। रामनवमी के अवसर पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सांप्रदायिक सौहार्द की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। शहर के हिलकार्ट रोड पर निकले भव्य जुलूस में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकता का संदेश दिया गया।

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तथा सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने जुलूस में हिस्सा लिया और भाजपा मंच पर पहुंचकर सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दी।

इस दौरान उन्होंने भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष को देखकर “जय श्री राम” के नारे लगाए, जिस पर भाजपा नेता ने भी नमस्कार कर अभिवादन किया। वहीं, गौतम देव ने भाजपा के जिलाध्यक्ष अरुण मंडल को गले लगाकर शुभकामनाएं दी। साथ ही जुलूस में मौजूद विभिन्न संगठनों, जिसमें बंगीय हिंदू मंच के कार्यकर्ता भी शामिल थे, उनसे भी मुलाकात कर बधाई दी। पूरे जुलूस के दौरान गौतम देव कभी राम का झंडा थामे नजर आए तो कभी “जय श्री राम” के जयकारे लगाते दिखे।

रामनवमी के इस आयोजन में सिलीगुड़ी से जो तस्वीर सामने आई, उसने यह संदेश दिया कि त्योहारों के अवसर पर राजनीतिक भिन्नताओं को भुलाकर एकता और भाईचारे को प्राथमिकता दी जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार