home page

सियालदह स्टेशन के बाहर हॉकर्स का प्रदर्शन, पुनर्वास की मांग

 | 
सियालदह स्टेशन के बाहर हॉकर्स का प्रदर्शन, पुनर्वास की मांग


कोलकाता, 22 मई (हि. स.)। सीटू से संबद्ध पश्चिम बंग रेलवे हॉकर्स यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को बड़ी संख्या में हॉकर्स ने कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे परिसर और आसपास के इलाकों से हॉकर्स को हटाए जाने के खिलाफ आवाज उठाई।

हॉकर्स यूनियन का आरोप है कि रेलवे प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के कारण सैकड़ों फुटपाथ दुकानदारों और हॉकर्स की रोजी-रोटी छिन गई है। यूनियन ने मांग की कि हटाए गए हॉकर्स के लिए वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।

दरअसल, रेलवे प्रशासन इन दिनों हावड़ा, सियालदह समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्लेटफॉर्म तथा स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है।

रेलवे का कहना है कि अवैध कब्जों और अनधिकृत दुकानों के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से पुलिस की सहायता से लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

वहीं प्रदर्शनकारी हॉकर्स का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाना अमानवीय है और इससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय