home page

सरकारी जमीन पर बना अवैध रिसॉर्ट ध्वस्त, सियासी संबंध पर उठे सवाल

 | 
सरकारी जमीन पर बना अवैध रिसॉर्ट ध्वस्त, सियासी संबंध पर उठे सवाल


जलपाईगुड़ी, 07 अगस्त (हि. स.)। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर कूर्ती नदी के किनारे बनाए गए एक आलीशान रिसॉर्ट को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। शुक्रवार को माल महकमा अधिकारी उत्कर्ष खंडाल, माटियाली जॉइंट बीडीओ प्रकाश प्रमाणिक और मेटेली थाना पुलिस की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, माटियाली बताबाड़ी-1 ग्राम पंचायत के गोयालडांगा क्षेत्र में कूर्ती नदी के किनारे सरकारी जमीन पर यह रिसॉर्ट अवैध रूप से बनाया गया था। प्रशासन का दावा है कि करीब 12 साल पहले कब्जा की गई इस जमीन के कोई वैध दस्तावेज रिसॉर्ट मालिक नहीं दिखा सके। चार जुलाई को नोटिस जारी कर दस जुलाई तक जगह खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन आदेश का पालन नहीं होने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई।

अभियान के दौरान रिसॉर्ट में मौजूद सभी सामान को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया, जिसे बाद में नियमानुसार नीलाम किया जाएगा।

रिसॉर्ट गिराए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। आरोप है कि रिसॉर्ट मालिक का संबंध कोलकाता के एक प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता से थे, जिसके कारण वह लंबे समय तक सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण कर सका।

नागराकाटा के विधायक पुना भेंगरा ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार