सड़क हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हुगली, 05 जुलाई (हि. स.)। जिले के खानाकुल थाना क्षेत्र के बारासात इलाके में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान सरफराज खान (24) के रूप में हुई है। वह घोषपुर खांपाड़ा का निवासी था और पेशे से स्वर्ण कारीगर (सोनार) था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बारासात इलाके में एक बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे सरफराज खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
युवक की असमय मौत से उसके परिवार में मातम छा गया है। घटना की सूचना पाकर खानाकुल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

