सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, 12 घायल
हुगली, 03 मार्च (हि. स.)। दोल उत्सव की खुशियों के बीच हुगली जिले के गोघाट में एक सड़क दुर्घटना ने इलाके को शोक में डुबो दिया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पहले कामारपुकुर अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान श्रीमान्त राय (26) और श्रीमान्त भुइं (27) के रूप में हुई है। दोनों गोघाट थाना अंतर्गत शाओड़ा इलाके के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, वे एक चार पहिया पिकअप वैन में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के तातारपुर से अपने घर लौट रहे थे। गोघाट के हाजिपुर स्थित करपुकुर के पास वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण वैन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोघाट थाना पुलिस ने सभी घायलों को कामारपुकुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने श्रीमान्त राय और श्रीमान्त भुइं को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में से कई की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, कामारपुकुर अस्पताल से रेफर किए जाने के बावजूद समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से इलाके में काफी अफरा-तफरी और हंगामा देखने को मिला। बाद में किसी तरह गंभीर घायलों को आरामबाग स्थानांतरित किया जा सका। इस बीच हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए।
उल्लेखनीय है कि इससे एक रात पहले ही चंद्रकोणा में एक अन्य सड़क दुर्घटना में दो पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने त्योहार के समय सड़क सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

