सड़क हादसे में एक की मौत, 12 घायल
खड़गपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर स्थित साहा चौक पर शुक्रवार तड़के सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत कितनी गंभीर है, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूर्व मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर निवासी कुछ लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिकअप वैन से लौट रहे थे। वाहन में पुरुषों और महिलाओं सहित कई लोग सवार थे। शुक्रवार तड़के साहा चौक के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पिकअप वैन की जोरदार टक्कर हो गई। शुरुआती अनुमान के अनुसार, चालक को नींद आने के कारण हादसा हुआ हो सकता है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सादतपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

