home page

संयुक्त संपत्ति में रास्ते और हिस्सेदारी को लेकर विवाद, मामला कोर्ट पहुंचा

 | 
संयुक्त संपत्ति में रास्ते और हिस्सेदारी को लेकर विवाद, मामला कोर्ट पहुंचा


हुगली, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले के गोगहाट थाना क्षेत्र के पातुलसारा इलाके में संयुक्त रूप से खरीदी गई संपत्ति में रास्ते और हिस्सेदारी को लेकर दो शरीकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया। इस घटना से इलाके में हलचल मच गई है।

शिकायतकर्ता शरीक भक्तिपद दे ने बताया कि उन्होंने और उनके भतीजे गदाधर दे ने संयुक्त रूप से एक जमीन खरीदी थी। लेकिन जमीन खरीदते समय सही तरीके से दिशा निर्धारण या रास्ते की स्थिति तय नहीं की गई। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर गदाधर दे अब सामने का मुख्य हिस्सा अपने कब्जे में रखकर बिना रास्ता दिए जमीन का एक हिस्सा बेचने की कोशिश कर रहे हैं।

भक्तिपद दे का कहना है कि उनकी जमीन तक पहुंचने के लिए न्यूनतम रास्ते की व्यवस्था किए बिना जबरन निर्माण की कोशिश की जा रही है, जिससे उनके अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार पारिवारिक स्तर पर समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आखिरकार मजबूर होकर उन्होंने अदालत का रुख किया और मामला दर्ज कराया।

उन्होंने मंगलवार को कहा कि मुझे मेरी जमीन का सामने का मुख्य और उचित हिस्सेदारी सही तरीके से मिल जाए, उसके बाद वह अपने हिस्से के साथ जो चाहे कर सकता है। लेकिन बिना रास्ता दिए मुख्य हिस्सा बेचने की कोशिश पूरी तरह से गलत है।

वहीं, आरोपित गदाधर दे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी, जिससे उनका पक्ष सामने नहीं आ पाया है।

इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संयुक्त संपत्ति की खरीद-फरोख्त में यदि शुरुआत में ही दिशा और रास्ते को स्पष्ट नहीं किया जाए, तो भविष्य में इस तरह के विवाद खड़े हो सकते हैं। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है और दोनों पक्षों के साथ स्थानीय लोग भी आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय