श्रीरामपुर स्टेशन को मिलेगा सांस्कृतिक स्वरूप, रेल मंत्री का ऐलान
हुगली, 07 मार्च (हि. स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन का निर्माण यहां की प्राचीन संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ में भाग लेने श्रीरामपुर पहुंचे रेल मंत्री ने सबसे पहले महेश स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में जाकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए वैष्णव ने कहा कि उन्हें श्रीरामपुर के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन का अवसर मिलना अपने आप में सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि श्रीरामपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए यहां के रेलवे स्टेशन के निर्माण और विकास की योजना तैयार की जाएगी, ताकि स्टेशन का स्वरूप क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को प्रतिबिंबित कर सके।
रेल मंत्री की इस घोषणा के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इससे श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन के विकास के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी नई पहचान मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

