श्रीरामपुर में तृणमूल का चुनावी इश्तेहार जारी, तन्मय घोष ने किए विकास के वादे
हुगली, 12 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने श्रीरामपुर क्षेत्र में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को श्रीरामपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तन्मय घोष ने पार्टी का चुनावी इश्तेहार जारी किया।
जारी इश्तेहार में क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इसमें बंद पड़े उद्योगों को चालू करने, नए निवेश को आकर्षित करने और कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया है। साथ ही माहेश, रिषड़ा और श्रीरामपुर की विरासत को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही गई है।
इश्तेहार में गंगा घाटों और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण, रिषड़ा रेलवे स्टेशन और नालों के सुधार, तथा ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने का भी वादा किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में श्रीरामपुर वाल्श अस्पताल में कार्डियक और पीडियाट्रिक विभागों सहित आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने और समग्र चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की बात शामिल है।
इसके अलावा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के जरिए युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने, खेल बुनियादी ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया गया है। सड़क और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की योजना का उल्लेख किया गया है।
इस अवसर पर रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा, श्रीरामपुर नगरपालिका के चेयरमैन गिरिधरी साहा, श्रीरामपुर नगरपालिका के वार्ड संख्या-7 के पार्षद एवं सीआईसी संतोष उर्फ पप्पू सिंह समेत बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा, तन्मय घोष ने रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड संख्या-18 में घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान भी चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें फूलों की मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इलाके में लोगों की भारी भीड़ और उत्साह देखने लायक था।
जनसंपर्क अभियान के दौरान तन्मय घोष के साथ रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा, स्थानीय पार्षद सुख सागर मिश्रा सहित हजारों की संख्या में वार्ड के लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

