home page

शॉपिंग मॉल में फायर सेफ्टी ऑडिट, अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

 | 
शॉपिंग मॉल में फायर सेफ्टी ऑडिट, अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था


सिलीगुड़ी, 12 सितंबर (हि.स.)। शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फायर सेफ्टी विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को शहर के व्यस्त सेवक रोड स्थित एक नामी शॉपिंग मॉल में अधिकारियों ने फायर सेफ्टी व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मॉल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेने के साथ अग्निशमन उपकरण, फायर एग्जिट, आपातकालीन निकासी मार्ग, पानी की व्यवस्था, वाटर मोटर और आग बुझाने के लिए इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरणों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से यह देखा गया कि आपात स्थिति में मॉल के अंदर मौजूद लोग सुरक्षित और तेजी से बाहर निकल सकें। इसके लिए फायर एग्जिट पर्याप्त हैं या नहीं, निकासी मार्गों में किसी तरह की बाधा तो नहीं है और वे निर्धारित मानकों के अनुसार इस्तेमाल योग्य हैं या नहीं, इसकी भी जांच की गई।

सिलीगुड़ी फायर स्टेशन के अधिकारी धर्मेंद्र कृष्ण राय ने बताया कि शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच की जा रही है। मॉल में लगे सभी अग्निशमन उपकरणों के साथ पानी की मोटर और अन्य सुरक्षा प्रणालियों के सही तरीके से काम करने की भी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि फायर ऑडिट का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आग लगने की स्थिति में मॉल में मौजूद लोग सुरक्षित और जल्द बाहर निकल सकें तथा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के मौसम में शॉपिंग मॉल और बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है। शहर के विभिन्न हिस्सों में शॉपिंग मॉल, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार