शांतिनिकेतन में होटल से बड़ी संख्या में बम बरामद
बीरभूम, 22 फ़रवरी (हि. स.)। जिले के शांतिनिकेतन में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बोलपुर के प्रांतिक इलाके में स्थित एक होटल से बड़ी संख्या में ताज़ा बम बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, होटल के भीतर ही बम बनाए जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बमों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार तड़के गुप्त सूचना मिली कि प्रांतिक इलाके के एक होटल में कम से कम 50 ताज़ा बम मौजूद हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसी होटल में बैठकर बम तैयार किए जा रहे थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की, जहां से बमों के साथ विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बॉम्ब स्क्वॉड द्वारा बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने का काम जारी है। इस मामले में फिलहाल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि पुलिस को संदेह है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
महकमा पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रिकी अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाया गया, जिसमें कई बम बरामद हुए हैं और उन्हें निष्क्रिय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
यह होटल बोलपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर-(एक) के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि होटल का संबंध स्थानीय तृणमूल नेताओं से है।
भाजपा का दावा है कि नगर पालिका की चेयरमैन संगीता दास के पति और स्थानीय तृणमूल नेता बाबू दास, जो मंत्री चंद्रनाथ सिंह के करीबी बताए जाते हैं, होटल के संचालन से जुड़े हैं। वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

