विस चुनाव 2026 : जंगीपाड़ा से चौथी बार तृणमूल उम्मीदवार बने स्नेहाशीष, पूजा कर शुरू किया प्रचार
हुगली, 18 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस ने जंगीपाड़ा विधानसभा सीट से एक बार फिर स्नेहाशीष चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने बुधवार सुबह राजबलहाट स्थित राजबल्लभी मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की।
इस दौरान उनके साथ उनके पुत्र आंजिष्णु चक्रवर्ती भी मौजूद रहे।
स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने कहा कि वह हर चुनाव से पहले मंदिर में पूजा कर प्रचार अभियान शुरू करते हैं और इस बार भी उसी परंपरा को निभाया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने पूरे साल जनता के बीच रहकर काम किया है, लेकिन चुनाव की घोषणा के बाद लोगों के बीच जाकर उनसे सीधे संवाद करना जरूरी होता है।
उन्होंने कहा कि 2011 से पहले राज्य में वाममोर्चा सरकार के दौरान विकास का अभाव था, लेकिन पिछले वर्षों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में व्यापक विकास हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि जंगीपाड़ा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है। जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें आने वाले समय में पूरा किया जाएगा।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ क्षेत्र में जुलूस निकालकर उम्मीदवार का स्वागत किया और प्रचार अभियान में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

