वन विभाग के शिकंजे में हमलावर हनुमान, 11 लोग घायल
सिलीगुड़ी, 03 जून (हि. स.)। नक्सलबाड़ी क्षेत्र में पिछले चार दिनों से एक हमलावर हनुमान के आतंक से डर का माहौल था। इलाके के रथखोला, रेलगेट, स्टेशन और तालतला में हनुमान के काटने और झपटने की घटनाओं से दहशत का माहौल था। अब तक इस हमले में कुल 11 लोग घायल हो चुके है, जिनमें महिला और बुजुर्ग भी शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार टुकुरियाझाड़ वन विभाग की टीम ने हनुमान को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया। लेकिन अभियान के दौरान भी हनुमान का हमला जारी रहा। आखिरकार बंगाल सफारी पार्क से विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने ट्रैंक्विलाइज़र गन की मदद से हनुमान को बेहोश कर काबू में किया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, हनुमान के स्वास्थ्य की जांच और इलाज के बाद उसे किसी घने जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि वह दोबारा आबादी वाले इलाके में न लौटे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

