home page

लॉरी के पहिए से कुचलकर 20 वर्षीय युवक की मौत

 | 
लॉरी के पहिए से कुचलकर 20 वर्षीय युवक की मौत


खड़गपुर, 14 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर टाऊन थाना अंतर्गत आंतारखी नूतन बाजार इलाके में मंगलवार शाम सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुद्धदेव सिंह के रूप में हुई है। वह पिंगला थाना क्षेत्र के आकनागेड़िया इलाके का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुद्धदेव खड़गपुर स्थित रशमी कंपनी में काम करता था। मंगलवार को काम समाप्त कर वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। शाम करीब 7:35 बजे वह खड़गपुर से पिंगला की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक लॉरी के साथ उसकी मोटरसाइकिल का हैंडल टकरा गया। इससे संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद लॉरी का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।

हेलमेट पहने होने के बावजूद बुद्धदेव के सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर खड़गपुर टाऊन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं, दुर्घटना में शामिल लॉरी को पिंगला के दुजिपुर इलाके से जब्त कर पिंगला थाने ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता