रिषड़ा के रक्तवीर शनि सिंह ने किया 73वां रक्तदान
हुगली, 16 अगस्त (हि. स.)। रिषड़ा के बॉलीबॉल मैदान स्थित श्रमजीवी ब्लड सेंटर में रविवार को समाजसेवी शनि सिंह ने अपना 73वां रक्तदान किया। पिछले 23 वर्षों से रक्तदान से जुड़े शनि सिंह ने नियमित रक्तदान के साथ-साथ रक्तदान शिविरों के आयोजन में भी योगदान दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनि सिंह अब तक देश के 14 राज्यों के 24 जिलों में रक्तदान कर चुके हैं। उनके परिवार के कई सदस्य भी लंबे समय से रक्तदान करते आ रहे हैं।
शनि सिंह शोभा जीव कल्याण ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। रक्तदान के क्षेत्र में उनकी सक्रियता के तहत अब तक 41 रक्तदान शिविरों का आयोजन किए जाने की जानकारी दी गई है।
बताया गया कि रक्त की जरूरत वाले मरीजों की सहायता और रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इन गतिविधियों में स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भागीदारी रही है। रविवार को 73वें रक्तदान के अवसर पर शनि सिंह ने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। संस्था की ओर से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कुल 51 लोगों ने रक्तदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

