home page

रिषड़ा नगरपालिका के नोडल अधिकारी के घर पर हमले और फायरिंग का आरोप, अशिताभ गांगुली ने किया फेसबुक पोस्ट

 | 
रिषड़ा नगरपालिका के नोडल अधिकारी के घर पर हमले और फायरिंग का आरोप, अशिताभ गांगुली ने किया फेसबुक पोस्ट


हुगली, 09 नवंबर (हि. स.)। जिले के रिषड़ा में नगरपालिका के नोडल अधिकारी अशिताभ गांगुली के एक फेसबुक पोस्ट ने इलाके में हलचल मचा दी है। सोमवार को गांगुली ने अपने पोस्ट में दावा किया है कि देर रात कुछ लोगों ने उनके घर पर धावा बोला, गाली-गलौज की, तोड़फोड़ की और गोली भी चलाई। उनका कहना है कि इस घटना में वह बाल-बाल बच गए। हालांकि, घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अशिताभ गांगुली ने अपने फेसबुक पोस्ट में घटना का समय रात करीब दो बजे से 2:30 बजे के बीच बताया है। उनके अनुसार, उस समय वह रिषड़ा के पद्मपुकुर इलाके के पास स्थित अपने घर में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगे। पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की।

गांगुली के मुताबिक, जब उन्होंने बालकनी में आकर बाहर देखने की कोशिश की, तब उन पर गोली चलाई गई। उनका दावा है कि किसी तरह उनकी जान बच गई। उन्होंने अपनी पोस्ट में कुछ ऐसे लोगों पर संदेह जताया है, जिनसे उनकी पहले से पहचान बताई गई है। हालांकि, उन्होंने किसी की संलिप्तता को लेकर कोई प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया है।

घटना के बाद की स्थिति का जिक्र करते हुए गांगुली ने लिखा है कि वह अचानक हुई इस घटना से घबरा गए थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि तत्काल क्या करें।

अपने पोस्ट में गांगुली ने बताया है कि उनकी तबीयत भी ठीक नहीं है और वह दवाइयां लेकर आराम कर रहे हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्लबों को घटना की जानकारी देने के साथ प्रेस के लोगों को भी अवगत कराने की बात कही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री, विधायक तथा पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी देने का उल्लेख भी उन्होंने अपने पोस्ट में किया है। अपने पोस्ट में उन्होंने कहा है कि वे मामले की एफआईआर दर्ज करवाएंगे।

सोमवार अपराह्न गांगुली मामले की शिकायत दर्ज करवाने रिषड़ा थाने में गए। खबर लिखे जाने तक गांगुली थाने में मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय