राजारहाट में कई दुकानें जलकर खाक, दमकल ने आग पर पाया काबू
कोलकाता, 08 अप्रैल (हि. स.)। कोलकाता के राजारहाट इलाके में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। घटना राजारहाट के रायगाछी छोटोपोल क्षेत्र की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले कूड़े के ढेर में आग लगी, जो देखते ही देखते पास की दुकानों तक फैल गई। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 दुकानों में आग फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।सूचना पाकर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, राजारहाट थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात राजारहाट-न्यू टाउन विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तापस चटर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

