मौसम में सुधार के बाद चंदननगर में शुरू हुआ जगद्धात्री प्रतिमाओं का विसर्जन
हुगली, 21 नवंबर (हि. स.)। मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद आखिरकार चंदननगर में जगद्धात्री पूजा की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार से शुरू हो गया। खराब मौसम के कारण पहले विसर्जन शोभायात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन मौसम में सुधार के बाद प्रशासन ने नया कार्यक्रम निर्धारित किया है।
निर्णय के अनुसार, जिन पूजा समितियों की प्रतिमाएं रोशनी की शोभायात्रा में शामिल नहीं होंगी, वे शनिवार को ही विसर्जन करेंगी। वहीं, प्रशासन की अनुमति और व्यवस्था के तहत रविवार को रोशनी की शोभायात्रा में शामिल होने वाली पूजा समितियां शोभायात्रा समाप्त होने के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगी।
लंबे इंतजार के बाद चंदननगर की पारंपरिक जगद्धात्री पूजा का विसर्जन शुरू होने से पूजा आयोजकों से लेकर आम लोगों तक में खुशी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

