मेदिनीपुर में सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को जागरूक करने सड़क पर उतरा 'यमदूत'
पूर्व मेदिनीपुर, 03 अगस्त (हि. स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व मेदिनीपुर जिले में सोमवार से सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। जिला पुलिस और विभिन्न थाना क्षेत्रों के संयुक्त तत्वावधान में यह विशेष अभियान तीन अगस्त से नौ अगस्त तक चलाया जाएगा।
सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन तमलुक थाना के प्रबंधन में अस्पताल मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम से हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी निरंजन कुमार, पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा, नंदकुमार के विधायक निर्मल खाड़ा तथा मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी विभास राय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके गंभीर परिणामों पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परिवारों के बच्चे भी सड़क सुरक्षा के संदेश को घर-घर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद तमलुक शहर में विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी से जागरूकता रैली निकाली गई।
इधर, नंदकुमार-दिघा राष्ट्रीय राजमार्ग-116बी के रामनगर बाजार क्षेत्र में पुलिस ने जागरूकता के लिए अनोखी पहल की। यहां एक व्यक्ति 'यमदूत' का वेश धारण कर सड़क पर उतरा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सावधान करते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं, हेलमेट और सीट बेल्ट का सही ढंग से उपयोग करने वाले वाहन चालकों को सम्मानस्वरूप पौधे भेंट किए गए। रामनगर थाना की इस पहल के दौरान कांथी महकमा पुलिस अधिकारी तथा स्थानीय विधायक चंद्रशेखर मंडल भी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस ने कहा कि केवल पुलिस के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए आम जनता का सहयोग और जिम्मेदार व्यवहार आवश्यक है।
जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने चेतावनी दी कि भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

