मुर्शिदाबाद रेल दुर्घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुर्शिदाबाद, 17 जुलाई (हि. स.)। जिले में शुक्रवार सुबह आजीमगंज-कटवा रेलखंड के कर्णसुबर्ण स्टेशन के निकट गोबिंदपुर रेल फाटक पर स्कूल वाहन और ट्रेन की टक्कर में तीन स्कूली छात्रों सहित पांच लोगों की मौत पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में कहा कि इस हृदयविदारक दुर्घटना से वह अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने मृत छात्रों के परिजनों, विशेषकर उनके माता-पिता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपार दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा राज्य शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि मंत्री गौरीशंकर घोष अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं, जबकि जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सााधीन सभी घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी स्वयं मेडिकल कॉलेज में उपचार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस ने रेल फाटक के गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

