home page

मुर्शिदाबाद में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर के काफिले की ट्रैक्टर से टक्कर, बाल-बाल बचे

 | 
मुर्शिदाबाद में केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर के काफिले की ट्रैक्टर से टक्कर, बाल-बाल बचे


मुर्शिदाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होने जा रहे केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर का काफिला शनिवार को मुर्शिदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बहरमपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर इलाके में काफिले की एक गाड़ी की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि काफिले की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा। जिस वाहन से टक्कर हुई, उसमें मंत्री के सुरक्षाकर्मी सवार थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या मानवीय चूक की वजह से।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। लेकिन घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय मंत्री के काफिले के साथ हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन चुनावी सभाएं प्रस्तावित हैं—पहली पूर्व बर्दवान के कालना, दूसरी दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी और तीसरी मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में।

गौरतलब है कि हाल ही में अधीर रंजन चौधरी के काफिले के साथ भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। कंदी से बहारमपुर लौटते समय उनके काफिले की एक गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इस घटना के बाद चुनाव आयोग ने रिपोर्ट भी तलब की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय