home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु ने शुरू की ‘सारथी’ योजना, अब आठवीं से मिलेगी साइकिल

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने शुरू की ‘सारथी’ योजना, अब आठवीं से मिलेगी साइकिल


हावड़ा, 29 सितंबर (हि. स.)। बदलाव के बंगाल में ‘सबुज साथी’ की जगह अब ‘सारथी’ योजना शुरू की गई है। मंगलवार को हावड़ा के बैटरा स्थित मधुसूदन पाल चौधरी हाईस्कूल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘सारथी’ योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस योजना के तहत अब स्कूल विद्यार्थियों को नौवीं कक्षा में नहीं, बल्कि आठवीं कक्षा में ही साइकिल दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 12.59 लाख विद्यार्थी ‘सारथी’ योजना का लाभ पाएंगे।

नई योजना के तहत विद्यार्थियों को पहले की तुलना में बेहतर गुणवत्ता वाली साइकिल दी जाएगी। साइकिल का रंग गेरुआ होगा और उस पर विश्व बांग्ला के लोगो की जगह नया लोगो रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल योजना का नाम और लोगो नहीं बदला गया है, बल्कि गुणवत्ता जांच की व्यवस्था भी की गई है। साइकिल में उपयुक्त रोशनी और बेहतर टायर की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साइकिल की गुणवत्ता में सुधार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने नई योजना शुरू करने का वादा किया था और सरकार ने उसे पूरा किया है। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पूर्व मुख्यमंत्री के रिश्तेदार इस काम से जुड़े थे। उनकी सरकार ने व्यवस्था में बदलाव किया है। पहले पंजाब से कल-पुर्जे लाकर यहां साइकिल तैयार की जाती थी, लेकिन अब साइकिल का निर्माण यहीं किया जाएगा। उन्होंने साइकिल कारखाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की भी बात कही।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्कूल विद्यार्थियों के साथ एक ही मेज पर बैठकर मध्याह्न भोजन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता