मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कादम्बिनी गांगुली को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार सुबह समाज माध्यम पर पोस्ट कर दक्षिण एशिया की अग्रणी महिला चिकित्सक डॉ. कादम्बिनी गांगुली को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने डॉ. गांगुली के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
डॉ. कादम्बिनी गांगुली का जन्म 18 जुलाई 1861 को भागलपुर में हुआ था। उन्होंने कोलकाता के बेथ्यून कॉलेज से शिक्षा प्राप्त करने के बाद कलकत्ता मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा की पढ़ाई की। वह इस संस्थान में प्रवेश लेने वाली पहली महिला थीं। वर्ष 1886 में उन्होंने चिकित्सा की योग्यता हासिल की और भारत में पश्चिमी चिकित्सा पद्धति का अभ्यास करने वाली पहली भारतीय महिलाओं में प्रमुख स्थान बनाया।
डॉ. गांगुली ने आगे यूरोप जाकर चिकित्सा का प्रशिक्षण लिया और कोलकाता लौटकर महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में चिकित्सकीय सेवा जारी रखी। उन्होंने चिकित्सा के साथ महिलाओं की शिक्षा, अधिकार और सामाजिक स्थिति से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रूप से कार्य किया। कोयला खदानों में काम करने वाली महिलाओं की परिस्थितियों को लेकर भी उन्होंने आवाज उठाई।
वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन में भाग लेने वाली शुरुआती महिलाओं में शामिल थीं और कांग्रेस के मंच से बोलने वाली पहली महिला के रूप में भी उनका उल्लेख मिलता है। सामाजिक सुधार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके योगदान ने उस दौर में महिलाओं के लिए नए रास्ते खोले।
डॉ. कादम्बिनी गांगुली का निधन तीन अक्टूबर 1923 को कोलकाता में हुआ था। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनकी पुण्यतिथि पर उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

