ममता बनर्जी ने लगाये सौ से ज्यादा सीटों पर ‘लूट’ के आरोप
कोलकाता, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सौ से अधिक सीटों पर “लूट” हुई है। सोमवार शाम सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित मतगणना केंद्र से बाहर निकलते समय उन्होंने यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मतगणना केंद्र में घुसने नहीं दिया गया और उनके साथ बदसलूकी की गई। इस दौरान उन्होंने धक्का मारे जाने का आरोप भी लगाया।
मतगणना केंद्र से बाहर निकलते समय भी ममता बनर्जी को भाजपा समर्थकों के “चोर-चोर” और “गो बैक” जैसे नारों का सामना करना पड़ा। इससे पहले दोपहर में जब वह केंद्र में प्रवेश कर रही थीं, तब भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। उनके वाहन के सामने लगातार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ममता बनर्जी सखावत मेमोरियल स्कूल पहुंचीं, जहां पहले से ही भाजपा समर्थकों की भीड़ मौजूद थी। उनके पहुंचने से पहले ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। जैसे ही उनका काफिला वहां पहुंचा, भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
इससे पहले, मतगणना केंद्र के पास एक पेट्रोल पंप पर तृणमूल कार्यकर्ता एकत्रित थे, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्सी के मौजूद रहने की भी सूचना थी। बाद में पुलिस ने तृणमूल कार्यकर्ताओं को वहां से हटने को कहा। इसी दौरान एजेसी बोस रोड से आए भाजपा समर्थकों और पुलिस के बीच बहस भी हुई। आरोप है कि भाजपा समर्थक तृणमूल के जमावड़े तक पहुंच गए और वहां रखी कुर्सियों में तोड़फोड़ की।
स्थिति तनावपूर्ण होते ही मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। केंद्रीय बलों की तैनाती और बढ़ाई गई तथा पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने भाजपा समर्थकों को केंद्र परिसर से दूर हटाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

