home page

ममता बनर्जी ने महापुरुषों को किया याद

 | 
ममता बनर्जी ने महापुरुषों को किया याद


कोलकाता, 28 फ़रवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर देश और संस्कृति के दो महान व्यक्तित्वों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। एक ओर उन्होंने भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को उनकी पुण्यतिथि पर स्मरण किया। दूसरी ओर बंगाली रंगमंच के महान नाटककार गिरिशचंद्र घोष की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को याद करते हुए लिखा कि वे स्वतंत्र भारत के ऐसे राष्ट्रपति थे, जिनका जीवन सादगी, सत्य और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा। संविधान निर्माण से लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना तक उनके योगदान को देश सदैव स्मरण करता रहेगा।

एक अन्य पोस्ट में ममता बनर्जी ने बंगाली रंगमंच के दिग्गज गिरिशचंद्र घोष की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे बंगाली रंगमंच के किंवदंती थे। जिनका योगदान आज भी कला-संस्कृति प्रेमियों को प्रेरित करता है। उन्होंने उल्लेख किया कि श्रीश्रीरामकृष्णदेव के सान्निध्य से धन्य यह महान कलाकार बंगाली रंगमंच को नई ऊंचाइयों पर ले गए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, गिरिशचंद्र घोष न केवल एक श्रेष्ठ नाटककार और अभिनेता थे, बल्कि वे आध्यात्मिक चेतना और मानवीय मूल्यों को भी अपने कार्यों के माध्यम से समाज तक पहुंचाने में सफल रहे। यही कारण है कि वे आज भी लोगों के हृदय में चिरस्मरणीय बने हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय