ममता बनर्जी का भाजपा पर तीखा तंज, कहा- तीन सप्ताह बाद तृणमूल की सरकार बनेगी
कोलकाता/बीरभूम, 20 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बीरभूम के मुरारई से भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि तीन सप्ताह बाद राज्य में फिर तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनेगी।
सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, अहंकार का पतन तय है। बंगाल में जीतकर हम दिल्ली पर भी कब्जा करेंगे। लोकतंत्र की जीत होगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग भाजपा के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें भविष्य में खोजकर जवाब दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले तृणमूल कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के नाम सूची में डाले गए हैं और बाकी लोगों के नाम भी सामने लाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया झालमुड़ी खाने के प्रसंग पर कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि जितना भी नाटक कर लिया जाए, जनता सब समझ रही है और चुनाव परिणाम तृणमूल के पक्ष में आएगा। उन्होंने सोशल माध्यमों पर वायरल तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सब अचानक था, तो पहले से कैमरा कैसे मौजूद था।
ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों की तैनाती पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान केंद्रों से लेकर कई स्थानों पर केंद्रीय बलों को ईवीएम लूटने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्होंने समर्थकों से मतदान के दिन सतर्क रहने की अपील की।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने बीरभूम के एक नेता पर बिना नाम लिए हमला बोला। उन्होंने कहा कि यहां एक नेता कोयला कारोबार से करोड़ों रुपये खा रहा है और कुछ ही वर्षों में भारी संपत्ति बनाई है। उन्होंने दावा किया कि किसके पास पैसा भेजा जाता है, यह भी उन्हें पता है।
ममता बनर्जी ने अंत में कहा कि सबसे बड़ा चोर और डकैत भाजपा खुद है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

