home page

मतदान के दौरान कोलकाता के कुछ इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति, भवानीपुर में ममता बनर्जी के भाई को पुलिस की चेतावनी

 | 
मतदान के दौरान कोलकाता के कुछ इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति, भवानीपुर में ममता बनर्जी के भाई को पुलिस की चेतावनी


कोलकाता, 29 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान मैं राजधानी कोलकाता के कई इलाकों से तनाव की खबरें आ रही हैं। भवानीपुर में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी और निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई कार्तिक बनर्जी को चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार, कार्तिक बनर्जी मतदान केंद्र के पास कुछ लोगों के साथ बैठे थे, जिस पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि चार से अधिक लोगों के जमावड़े की अनुमति नहीं है। इस दौरान उन्हें सावधान किया गया।

इधर, भवानीपुर के पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र रासबिहारी में सुबह से ही तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। यह भी दावा किया गया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक वहां दबाव बना रहे हैं।

रासबिहारी सीट पर कांग्रेस ने आशुतोष चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ओर से देवाशीष कुमार मैदान में हैं। भाजपा ने यहां पूर्व पत्रकार स्वपन दासगुप्ता को टिकट दिया है, वहीं वाम मोर्चे की ओर से सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के मानस घोष उम्मीदवार हैं।

इसके अलावा, दमदम और न्यूटाउन इलाकों से भी मतदान में देरी और तकनीकी गड़बड़ी की खबरें सामने आई हैं। उत्तर दमदम के बूथ नंबर 207 पर तृणमूल कांग्रेस के बटन पर स्याही लगे होने का आरोप लगाया गया। वहीं बूथ नंबर 10 पर मॉक पोलिंग के दौरान ईवीएम में खराबी की शिकायत मिली।

राजारहाट-न्यूटाउन विधानसभा क्षेत्र के आदित्य अकादमी स्थित बूथ नंबर 22 पर भी सुबह 7 बजे तय समय पर मतदान शुरू नहीं हो सका। इस पर भाजपा उम्मीदवार पीयूष कनोड़िया ने नाराजगी जताई।

कुल मिलाकर, दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई जगहों से तनाव, आरोप-प्रत्यारोप और तकनीकी समस्याओं की खबरें सामने आ रही हैं, हालांकि प्रशासन शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय