मतगणना के बीच कई जगहों पर तनाव, चुनाव आयोग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कोलकाता, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान विभिन्न इलाकों से तनाव और छिटपुट हिंसा की खबरें सामने आई हैं। इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी तरह की धमकी या सुरक्षा संबंधी जोखिम महसूस हो, तो वे तुरंत आयोग से संपर्क करें।
आयोग ने इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1800 345 0008 जारी किया है, जिस पर राजनीतिक दल अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
राज्य की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। इसी दौरान कोलकाता के साखावत मेमोरियल स्कूल के सामने तोड़फोड़ का आरोप भाजपा पर लगा है। यहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबर है।
इसके अलावा, कोलकाता के जगदीश चंद्र बोस कॉलेज के सामने भी तनाव की स्थिति बनी रही। आरोप है कि कॉलेज के भीतर तृणमूल समर्थक मौजूद थे, जबकि बाहर भाजपा कार्यकर्ता लाठियां लेकर जमा हो गए। स्थिति बिगड़ने पर कुछ तृणमूल कार्यकर्ता वहां से हट गए। जानकारी के अनुसार, तृणमूल पार्षद कजरी बंद्योपाध्याय भी वहां पहुंची थीं।
वहीं, कल्याणी ब्लॉक के मुरातिपुर में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा, बैरकपुर में तृणमूल उम्मीदवार के साथ मारपीट का आरोप भाजपा के एक काउंटिंग एजेंट पर लगा है। इस संबंध में आयोग को शिकायत सौंपी गई है। आयोग ने पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करने का निर्देश दिया है।
चुनाव आयोग ने दोहराया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या हिंसा की स्थिति में राजनीतिक दल सीधे संपर्क करें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

