भारी ओलावृष्टि से मची तबाही, कई घर क्षतिग्रस्त
जलपाईगुड़ी, 11 नवंबर (हि. स.)। जिले के राजगंज में बुधवार दोपहर अचानक हुई भारी ओलावृष्टि से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। मंतादारी ग्राम पंचायत के परमुंडा इलाके में ओलावृष्टि के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, आसपास के कई अन्य इलाके भी प्रभावित हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर अचानक मौसम में बदलाव आया और देखते ही देखते भारी ओलावृष्टि शुरू हो गई। बड़े-बड़े ओले गिरने से घरों की छतों और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि थमने के बाद खेतों में बर्फ जैसी सफेद ओलों की मोटी परत बिछी नजर आई। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

