home page

भाजपा ने खुलवाया बंद पंचायत कार्यालय, मिली आपत्तिजनक सामग्री

 | 
भाजपा ने खुलवाया बंद पंचायत कार्यालय, मिली आपत्तिजनक सामग्री


पूर्व मेदिनीपुर, 23 मई (हि. स.)। जिले के पोटाशपुर-दो ब्लॉक के साउथखंड ग्राम पंचायत कार्यालय से कथित तौर पर जुए का बोर्ड, साड़ी, कंडोम, राशन कार्ड और मछुआरों के पहचान पत्र मिलने के बाद इलाके में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भाजपा ने पंचायत प्रधान बिजनबंधु बाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के बाद से ही कार्यालय बंद था शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद पड़े साउथखंड ग्राम पंचायत कार्यालय का ताला खोला। आरोप है कि कार्यालय के तीसरे तल के एक कमरे से खाट, बिस्तर, एसी, साड़ी और कंडोम सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। इसके अलावा वहां से जुए का बोर्ड, बड़ी संख्या में राशन कार्ड और मछुआरों के पहचान पत्र भी मिले।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पंचायत कार्यालय का इस्तेमाल लंबे समय से निजी गतिविधियों और असामाजिक कामों के लिए किया जा रहा था। भाजपा नेताओं ने पोटाशपुर की घटना की तुलना संदेशखाली मामले से करते हुए पंचायत प्रधान को “पोटाशपुर का शाहजहां” बताया।

भाजपा की ओर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। दूसरी ओर, पंचायत कार्यालय से कथित तौर पर इस तरह की सामग्री मिलने की घटना से स्थानीय प्रशासन भी असहज नजर आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता