home page

भाईफोंटा के मिठाइयों की सूची में नया आकर्षण ‘कमल फूल’ मिठाई, आरामबाग की दुकानों में सुबह से उमड़ी भीड़

 | 
भाईफोंटा के मिठाइयों की सूची में नया आकर्षण ‘कमल फूल’ मिठाई, आरामबाग की दुकानों में सुबह से उमड़ी भीड़


हुगली, 10 नवंबर (हि. स.)। भाईफोंटा यानी भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और भावनाओं का पर्व है। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों के पसंदीदा पकवान और मिठाइयों से थाली सजाने की तैयारियों में जुटी रहती हैं। इसी उत्सव के बीच हर साल मिठाइयों की दुनिया में कुछ नए स्वाद और आकर्षण भी जुड़ते हैं। इस बार मिठाइयों की सूची में खास आकर्षण बनी है कमल फूल के आकार की मिठाई।

भाईफोंटा से एक दिन पहले मंगलवार सुबह से ही आरामबाग शहर की मिठाई दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। अकेले आरामबाग शहर में करीब 40 मिठाई की दुकानें हैं और लगभग सभी दुकानों में सुबह से ही खरीदारी के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।

बहनों के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मिठाइयां खरीदने पहुंचे। पारंपरिक मिठाइयों के साथ इस बार कमल फूल के आकार की नई मिठाई को लेकर भी ग्राहकों में खास उत्साह देखा गया। त्योहार के मौके पर बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए दुकानदारों को मिठाइयां तैयार करने और ग्राहकों के ऑर्डर समय पर उपलब्ध कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

कहीं बहनें खुद अपनी पसंद की मिठाइयां खरीदती नजर आईं, तो कहीं बहनों की ओर से भाई या जीजा खरीदारी की जिम्मेदारी संभालते दिखे। कुल मिलाकर, भाईफोंटा से एक दिन पहले आरामबाग के मिठाई बाजारों में त्योहार की रौनक और खरीदारी की चहल-पहल देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय