home page

भद्रेश्वर के पास रेल इंजन पटरी से उतरा, हावड़ा-बर्दवान मेन लाइन पर ट्रेन सेवा प्रभावित

 | 
भद्रेश्वर के पास रेल इंजन पटरी से उतरा, हावड़ा-बर्दवान मेन लाइन पर ट्रेन सेवा प्रभावित


हुगली, 31 जुलाई (हि.स.)। कार्यालय जाने के व्यस्त समय में शुक्रवार सुबह हावड़ा-बर्दवान मेन शाखा पर ट्रेन परिचालन प्रभावित हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे भद्रेश्वर स्टेशन के पास एक रेल इंजन पटरी से उतर गया। इंजन के दो पहिए पटरी से बाहर निकल गए।

घटना के कारण रिवर्स लाइन पर फिलहाल ट्रेन परिचालन बंद कर दिया गया है। वहीं, अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन देरी से हो रहा है।

सुबह के व्यस्त समय में रिवर्स लाइन का इस्तेमाल डाउन यानी हावड़ा जाने वाली ट्रेनों को निकालने के लिए किया जाता है। जरूरत पड़ने पर इसी लाइन से अप यानी बैंडेल और बर्दवान की ओर जाने वाली ट्रेनों को भी चलाया जाता है। ऐसे में रिवर्स लाइन बंद होने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

रेलवे की ओर से रिवर्स लाइन से पटरी से उतरे इंजन को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इंजन को वापस पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद ट्रेन सेवाओं के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय